रिनपास के विकास को 25 करोड़ की सौगात, सरकार ने जारी किया फंड
रिनपास के विकास को 25 करोड़ की सौगात, सरकार ने जारी किया फंड
झारखंड सरकार ने राज्य के प्रमुख मानसिक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा संस्थान रिनपास (RINPAS) के बुनियादी ढांचे और शैक्षणिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 25 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
सरकार के मुताबिक, स्वीकृत राशि का उपयोग संस्थान में शैक्षणिक ढांचे के विस्तार, नए भवनों के निर्माण, जर्जर भवनों के नवीनीकरण तथा आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और आवश्यक मशीनों की खरीद पर किया जाएगा। हालांकि, इन सभी परियोजनाओं को लागू करने से पहले रिनपास की शासी परिषद की मंजूरी अनिवार्य होगी।
वित्तीय आवंटन के तहत 10 करोड़ 19 लाख 48 हजार 60 रुपये गैर-वेतन मद में बैंक खाते के माध्यम से व्यय किए जाएंगे। वहीं 3 करोड़ 80 लाख 51 हजार 940 रुपये वेतन मद के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 11 करोड़ रुपये गैर-वेतन मद में पीएल खाते के जरिए खर्च किए जाएंगे।
सरकार ने रिनपास की निदेशक डॉ. जयाति सिमलाई को इस राशि की निकासी एवं व्यय के लिए अधिकृत पदाधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही धनराशि के उपयोग को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार, सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित अभियंताओं की होगी। इसके अलावा व्यय की नियमित ऑडिट कराई जाएगी और प्रत्येक माह की 10 तारीख तक खर्च की गई राशि तथा विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को भेजना अनिवार्य होगा।
Trending News