एसआईआर, मतदाता फॉर्म को लेकर कांग्रेस की बैठक, प्रदेश नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दिए दिशा-निर्देश
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बुधवार को जामताडा जिले के नाला पंचायत में पंचायत कांग्रेस कमेटी की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य फोकस एसआईआर प्रक्रिया और मतदाता प्रपत्र भरने को लेकर जागरूकता फैलाना रहा। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव प्रभु मंडल विशेष रूप से उपस्थित हुए। उनके साथ जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार दुबे और जिला उपाध्यक्ष पंकज झां भी शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष समर माजी ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव प्रभु मंडल ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने राज्य के सभी पंचायतों में 12 सदस्यीय ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटी गठित कर हर माह बैठक करने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना और मतदाता सूची से जुड़ी गड़बड़ियों को समय पर ठीक कराना है। जिला उपाध्यक्ष पंकज झा ने कहा कि एसआईआर का काम सिर्फ कागज का काम नहीं है। यह हमारे लोकतंत्र की नींव है। हर बूथ पर हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें। कोई भी योग्य मतदाता सूची से न छूटे, यह हमारी जिम्मेदारी है। इस दौरान जिला कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार दुबे ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत रखने के लिए हर वोट का सही जगह पर दर्ज होना जरूरी है। इस काम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सबसे आगे रहना होगा। प्रखंड अध्यक्ष समर माजी ने कहा कि प्रदेश के निर्देश पर नाला प्रखंड में हर पंचायत में कमेटी को सक्रिय किया जाएगा। हम कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर गांव-गांव में शिविर लगाएंगे और लोगों को फॉर्म भरने में मदद करेंगे। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
बैठक में एसआईआर की प्रक्रिया, नए वोटर जोड़ने, नाम कटने और फॉर्म भरने में आ रही दिक्कतों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जिम्मेदारी बांटने का भी निर्णय लिया गया। इस अवसर पर लक्ष्मीकांत बनर्जी, सुजन राय, उज्जल दास, सुकुमार सिंह, बिजन कुमार राय, मुचीराम मित्र, गुणधर मंडल, माधव मल्लिक, हराधन राय, दीपक मंडल, गोपीनाथ बाउरी, विपुल भंडारी, अरविंद ओझा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में प्रखंड अध्यक्ष समर माजी ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि प्रदेश के निर्देशों के अनुसार पंचायत स्तर पर यह मासिक बैठक आगे भी जारी रहेगी।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट
Trending News