नीट छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में जांच तेज हो गई है। शनिवार को सीबीआई की टीम शंभू बॉयज हॉस्टल पहुंची और वहां के दरबान से करीब आधे घंटे तक पूछताछ की। यही वह दरबान है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में वह कमरे का दरवाजा धक्का देकर खोलता नजर आता है और छात्रा को गोद में उठाकर नीचे लाता दिखाई देता है। छात्रा को सहज सर्जरी अस्पताल ले जाने तक वह साथ रहा।
सीबीआई अधिकारियों ने दरबान से कई अहम सवाल पूछे। उनसे जानना चाहा गया कि कमरे का दरवाजा खोलने के बाद उन्होंने क्या देखा? उस समय छात्रा की स्थिति कैसी थी? उसे अस्पताल कैसे और किसकी मदद से ले जाया गया? इसके अलावा जांच टीम प्रभात मेमोरियल अस्पताल भी पहुंची, जहां डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से पूछताछ की गई। अस्पताल का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला गया। वहीं सहज सर्जरी, प्रभात मेमोरियल और मेदांता में हुए इलाज की समीक्षा मेडिकल एक्सपर्ट टीम द्वारा की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं इलाज में लापरवाही तो नहीं बरती गई।
दरबान ने पूछताछ में बताया कि वह बॉयज हॉस्टल में कार्यरत है। 6 जनवरी को गर्ल्स हॉस्टल की वार्डन का फोन आया था। वार्डन ने बताया कि सी-10 कमरे की छात्रा दरवाजा नहीं खोल रही है और उसने नाश्ता व खाना भी नहीं खाया है। सूचना मिलते ही वह गर्ल्स हॉस्टल पहुंचा और दरवाजे को धक्का देकर खोला। अंदर छात्रा बेहोश हालत में बेड पर पड़ी थी, उसके दोनों पैर नीचे लटके हुए थे। वार्डन और दो छात्राओं की मदद से उसे ई-रिक्शा से अस्पताल ले जाया गया। वहां एक युवक पहुंचा, जिसने खुद को छात्रा का रिश्तेदार बताया। इसके बाद दरबान वापस लौट आया। मामले की जांच फिलहाल जारी है।