मार्च से भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक चलने लगेगी मेट्रो, 25 फरवरी को होगी जांच
मार्च से मलाही पकड़ी तक मेट्रो चलने लगेगी। पटना मेट्रो के एमडी डॉ. संदीप कुमार आर पुडकलकट्टी ने बताया कि भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक 2.75 किमी में परिचालन की अंतिम तैयारी चल रही है।
मार्च से मलाही पकड़ी तक मेट्रो चलने लगेगी। पटना मेट्रो के एमडी डॉ. संदीप कुमार आर पुडकलकट्टी ने बताया कि भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक 2.75 किमी में परिचालन की अंतिम तैयारी चल रही है। मार्च में होली के आसपास उद्घाटन होगा। अभी पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ स्टेशन तक 3.45 किमी में मेट्रो चल रही है। इनके बीच तीन स्टेशन (पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरोमाइल, भूतनाथ) हैं। सुबह 8 से रात 8 बजे तक मेट्रो का परिचालन हो रहा है। प्रतिदिन 24 फेरा (अप और डाउन) चलती है। एक फेरा में 30 मिनट का समय लगता है।
भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच जांच के लिए कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) की टीम 25 फरवरी को पटना पहुंचेगी। उनकी हरी झंडी मिलने के बाद ही उद्घाटन की तिथि घोषित होगी। इससे पहले बिजली संबंधी काम की जांच करने टीम आई थी।
शहर में पश्चिम से पूर्वी पटना तक 31.9 किमी में मेट्रो लाइन का निर्माण होना है। इस पर 13,365 करोड़ की राशि खर्च हो रही है। इसके लिए राज्य और केंद्र सरकार की हिस्सेदारी के अलावा जायका से लोन लिया गया है।
खेमनीचक से मीठापुर के बीच मेट्रो का परिचालन होगा। इनके बीच खेमनीचक, जगनपुरा, रामकृष्णानगर और मीठापुर स्टेशन हैं। इस एलिवेटेड रूट में बिजली का खंभा लगाने का काम शुरू किया गया है। मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक जल्द की ट्रैक बिछाने का काम शुरू होगा। छह महीने में तैयारी पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
Trending News