बीते 40 साल से बंद पड़े मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के रनवे पर फिर से विमान उड़ान भरते नजर आएंगे। रनवे निर्माण के लिए सोमवार को 43.13 करोड़ का टेंडर जारी कर दिया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने टेंडर जारी किया है। इसके अंतर्गत रनवे, टैक्सीवे, एप्रन, पेरिमीटर रोड, जीएसई एरिया, वाहन लेन, आपातकालीन संपर्क सड़क, रेसा (रनवे एंड सेफ्टी एरिया), रनवे बेसिक स्ट्रिप व अन्य संबंधित कार्यों के तहत निर्माण होंगे।
1250 वर्गमीटर का टर्मिनल भवन व दो विमानों की पार्किंग बनाई जाएगी। मुजफ्फरपुर के पताही में एयरपोर्ट है जिसकी लंबाई 1050 मीटर व चौड़ाई 30 मीटर है। 2 वर्ष में यहां से ऑपरेशन शुरू होने की उम्मीद है।
बिहार में विमान सेवा को रफ्तार देने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में सिविल विमानन विभाग के लिए 698.48 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। सरकार ने 13 और नए हवाई अड्डे बनाने का फैसला लिया है। बिहटा एयरपोर्ट बन ही रहा है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, रक्सौल, मोतिहारी, मधुबनी, बीरपुर, मुंगेर, वाल्मिकीनगर, सहरसा, सोनपुर, भागलपुर, बेगूसराय, गोपलगंज में भी नए एयरपोर्ट बनाने की योजना है।