प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप, नाबालिग दिखाने के लिए जन्मतिथि में किया हेरफेर, पुलिस जांच में जुटी
मोतिहारी में एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक पर गंभीर आरोप लगा है। किशोर न्याय परिषद में चल रहे एक आरोपी की उम्र जांच के दौरान जन्मतिथि में कथित हेरफेर का मामला सामने आया है।
मोतिहारी में एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक पर गंभीर आरोप लगा है। किशोर न्याय परिषद में चल रहे एक आरोपी की उम्र जांच के दौरान जन्मतिथि में कथित हेरफेर का मामला सामने आया है। अदालत के बेंच क्लर्क की शिकायत पर मुफ्फसिल थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मोतिहारी में आरोपी को नाबालिग दिखाकर कानूनी कार्रवाई से बचाने की कोशिश का मामला सामने आया है। पूरा मामला मुफ्फसिल थाना क्षेत्र का है। मिली खबर के अनुसार किशोर न्याय परिषद में आरोपी अखिलेश कुमार की उम्र जांच के दौरान राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बैरिया का स्थानांतरण प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के दौरान विद्यालय के वर्तमान प्रधानाध्यापक सुधीर कुमार ने बताया कि अखिलेश का नामांकन 14 सितंबर 2011 को कक्षा तीन में हुआ था और नामांकन पंजी में उसकी जन्मतिथि 12 अप्रैल 2003 दर्ज है। लेकिन न्यायालय में प्रस्तुत स्थानांतरण प्रमाण पत्र में जन्मतिथि 2003 के स्थान पर 2008 अंकित पाई गई। इसे प्रथम दृष्टया जन्मतिथि में हेरफेर माना गया। इसके बाद किशोर न्याय परिषद के बेंच क्लर्क नरेंद्र सिंह ने मुफ्फसिल थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर तत्कालीन प्रधानाध्यापक की भूमिका और आरोपी को नाबालिग दिखाने की साजिश की पड़ताल में जुटी है।
पूर्वी चंपरण से सोहराब आलम की रिपोर्ट
Trending News