महीनों से अंधेरे में अड्सर गांव, खराब हुआ ट्रांसफॉर्मर, 300 घरों को बिजली नसीब नहीं
जमुई जिले के अड्सर गांव के करीब 300 घर पिछले कई महीनों से बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। खराब ट्रांसफॉर्मर की वजह से गांव में न तो बिजली मिल रही है, न पानी और न ही पंखे चल पा रहे हैं।
जमुई जिले के अड्सर गांव के करीब 300 घर पिछले कई महीनों से बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। खराब ट्रांसफॉर्मर की वजह से गांव में न तो बिजली मिल रही है, न पानी और न ही पंखे चल पा रहे हैं। इससे बच्चे की पढ़ाई और भीषण गर्मी में जीवन बेहाल हो गया है।
ट्रांसफॉर्मर की खराबी के कारण कई परेशानियों को झेल रहे गांव वालों का आरोप है कि ट्रांसफॉर्मर में बार-बार गड़बड़ी होती है और कभी-कभी उसमें आग भी लग जाती है। इससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। कई बार शिकायत के बाद भी विभाग की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। लंबे वक्त से इस इलाके के निवासी ट्रांसफॉर्मर की परेशानी को दूर करने की मांग सक्षम प्राधिकारियों से कर रहे हैं लेकिन अभी तक इस अहम मामले को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया है।
निवासियों का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर की खराबी के कारण उमस भरी गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड रहा है। बिजली हर किसी की जरूतर है। इसका सीधा असर रोज के कार्यों पर पड रहा है। उमस भरी गर्मी के कारण सबकी हालत खराब है। बताया जा रहा है कि रोज रोज की समस्या से तंग आकर अड्सर गांव के दर्जनों ग्रामीण एकजुट होकर जमुई मुख्यालय स्थित विद्युत आपूर्ति कार्यालय पहुंचे और दोबारा आवेदन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि कार्यालय में कोई भी पदाधिकारी मौजूद नहीं था। वहां मौजूद एक कर्मी ने सिर्फ आश्वासन दिया कि जल्द ही विद्युत कर्मी गांव जाकर काम पूरा करेंगे। इलाके निवासियों का कहना है कि कई महीनों से हमलोग बिजली के लिए परेशान हैं। अधिकारी सुनते ही नहीं हैं। अगर जल्द ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला गया तो अब मजबूर होकर हम लोग बड़ा आंदोलन करेंगे। इन्होंने विभाग से अविलंब नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। हालांकि इस मामले में बिजली विभाग की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
जमुई से हेमंत की रिपोर्ट
Trending News