एएसआइ ने थाने में ही लगायी फांसी, चंद रोज पहले ही हुआ था ट्रांसफर
राज्य के समस्तीपुर जिले से बडी खबर है। यहां एक एएसआइ की संदिग्ध हालत में मौत होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि एएसआइ का शव थाने के कमरे से ही पाया गया है। थाने में ऐसी घटना घटने के बाद पूरे महकमें में हडकंप मच गया। जिले के आला पुलिस अधिकारियों ने भी पूरे मामले की जानकारी ली।
मिली जानकारी के अनुसार समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र में तब अचानक हडकंप मच गया, जब एक एएसआइ की संदिग्ध हालत में मौत हो गयी। मृतक का नाम बब्लू कुमार प्रसाद बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बब्लू प्रसाद का शव शनिवार की सुबह थाने के ही तीसरे फ्लोर पर कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। इस खबर के सामने आते ही पूरे थाने में हडकंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार बबलू प्रसाद ज्यादातर अकेले ही रहते थे। साथी पुलिस वालों से भी कम ही बात करते थे। बबलू प्रसाद पिछले ढाई साल से मोहिउद्दीन नगर में 112 नंबर पर तैनात थे। चंद रोज पहले ही में इनका ट्रांसफर जिले के कल्याणपुर में डायल-112 पर हुआ था। हालांकि अभी इन्होंने कल्याणपुर में योगदान नहीं दिया था। बबलू कुमार प्रसाद डायल-112 में सहायक अवर निरीक्षक की पोस्ट पर थे।
थाने में घटी इस घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। इधर घटना की सूचना सामने आते ही जिले के एसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। एसपी ने बताया की पहली नजर में यह मामला डिप्रेशन का लग रहा है। बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जाँच पड़ताल में जुट गई। मृतक एएसआइ के परिजनों को इस बारे में सूचना दे दी गयी है।
समस्तीपुर से संतोष ठाकुर की रिपोर्ट
Trending News