PMCH का वीडियो शेयर कर पप्पू यादव ने लिखा-पुलिस ने मुझे इसी नर्क में रखा था, बेशर्म व्यवस्था डूब मरो

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह बना है पीएमसीएच का वह जर्जर वार्ड, जिसका वीडियो उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया।

PMCH का वीडियो शेयर कर पप्पू यादव ने लिखा-पुलिस ने मुझे इसी नर्क में रखा था, बेशर्म व्यवस्था डूब मरो
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
: Feb 14, 2026, 1:27:00 PM

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह बना है पीएमसीएच का वह जर्जर वार्ड, जिसका वीडियो उन्होंने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया। पप्पू यादव ने दावा किया कि गिरफ्तारी के बाद इलाज के लिए उन्हें इसी वार्ड में रखा गया था। वीडियो में वार्ड की बदहाल स्थिति साफ नजर आती है—टूटी दीवारें, गंदगी और अव्यवस्था।

वीडियो शेयर करते हुए पप्पू यादव ने व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि जब एक सांसद के साथ ऐसा सलूक हो सकता है, तो आम जनता के साथ क्या होता होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने अपनी गिरफ्तारी और उस दौरान की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और सिस्टम को ‘बेशर्म’ करार दिया।

सात दिनों बाद बेऊर जेल से रिहा होते ही पप्पू यादव का अंदाज बदला हुआ दिखा। जेल से निकलकर वे सीधे फुलवारीशरीफ पहुंचे, जहां कोचिंग सेंटर की छत से गिरकर जान गंवाने वाली छात्रा के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया और कहा कि इस मामले को वे सड़क से लेकर संसद तक उठाएंगे।

इसके बाद पटना में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने खुद अपने हाथों से उन्हें खाना परोसा। यह दृश्य भावनात्मक भी रहा। दिल्ली रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर विधायक आईपी गुप्ता उनसे मिलने पहुंचे। मुलाकात के दौरान आईपी गुप्ता भावुक होकर रो पड़े। उन्हें गले लगाकर पप्पू यादव ने भी भावुकता जाहिर की।

अब देखना होगा कि पीएमसीएच की बदहाल व्यवस्था और छात्रा मौत मामले को लेकर पप्पू यादव की यह मुहिम आगे क्या मोड़ लेती है।