बेऊर जेल से कोर्ट पहुंचे सांसद पप्पू यादव, दो मामलों में आज जमानत पर होगी सुनवाई

पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को आज बेऊर जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच पटना की अदालत में पेश किया गया। दोपहर करीब 2 बजे पुलिस उन्हें कोर्ट लेकर पहुंची।

बेऊर जेल से कोर्ट पहुंचे सांसद पप्पू यादव, दो मामलों में आज जमानत पर होगी सुनवाई
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
: Feb 12, 2026, 2:15:00 PM

पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को आज बेऊर जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच पटना की अदालत में पेश किया गया। दोपहर करीब 2 बजे पुलिस उन्हें कोर्ट लेकर पहुंची। आज दो अलग-अलग मामलों में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है। कोर्ट परिसर के बाहर एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

गौरतलब है कि 31 साल पुराने एक मामले में 10 फरवरी को पटना की MP-MLA कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी थी। हालांकि इसके बाद पुलिस ने दो अन्य मामलों में उन्हें रिमांड पर ले लिया। इनमें से एक मामला 9 साल पुराना बताया जा रहा है।

पहला मामला बुद्धा कॉलोनी थाने से जुड़ा है। 6 जनवरी की रात जब पुलिस पप्पू यादव को गिरफ्तार करने पहुंची थी, उस दौरान उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया।

 पुलिसकर्मियों और समर्थकों के बीच तीखी बहस हुई। आरोप है कि इस दौरान सरकारी काम में बाधा डाली गई। इसी आधार पर बुद्धा कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया।

दूसरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। 27 मार्च 2017 को पप्पू यादव ने अपनी पार्टी जन अधिकार पार्टी (JAP-L) के बैनर तले बिजली टैरिफ में बढ़ोतरी और BSSC पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन किया था। इस दौरान सड़क जाम की गई थी। पुलिस ने इसे लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था।

अब इन दोनों मामलों में कोर्ट का फैसला अहम माना जा रहा है। यदि जमानत मिलती है तो उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो सकता है, वहीं जमानत खारिज होने की स्थिति में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। सभी की नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हैं।