JMM सांसद विजय हांसदा बने दूल्हा, सुप्रिया मुर्मू संग रचाई दूसरी शादी
JMM सांसद विजय हांसदा बने दूल्हा, सुप्रिया मुर्मू संग रचाई दूसरी शादी
राजमहल से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के सांसद विजय हांसदा ने बुधवार को रांची में सुप्रिया मुर्मू के साथ विवाह किया। राजधानी के बहु बाजार स्थित संत पॉल कैथेड्रल चर्च में ईसाई रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार, मित्रों के अलावा साहिबगंज और पाकुड़ से बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य और उत्सव के साथ इस खास पल को यादगार बनाया।
विवाह समारोह में राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह, जेएमएम विधायक मथुरा महतो समेत कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां मौजूद रहीं। शादी के बाद बुधवार शाम रांची के बीएनआर चाणक्य होटल में नवदंपति के सम्मान में एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन सहित कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होकर नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं देने की संभावना है।
विवाह से पहले मंगलवार को बीएनआर होटल में पारंपरिक रस्मों का आयोजन किया गया था। मंडल और हल्दी की रस्मों में दोनों परिवारों के सदस्यों और करीबी लोगों ने हिस्सा लिया और शादी की तैयारियों का उत्साहपूर्वक जश्न मनाया।
यह विजय हांसदा का दूसरा विवाह है। उनकी पहली पत्नी का वर्ष 2025 में लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया था। उनकी जीवनसंगिनी बनीं सुप्रिया मुर्मू इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुकी हैं। उनका पैतृक गांव पाकुड़ जिले का कचआ है, जबकि उनका पालन-पोषण और शिक्षा हजारीबाग में हुई। सुप्रिया के पिता भवेश मुर्मू बैंक अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
राजधानी रांची में आयोजित इस विवाह समारोह ने राजनीतिक और सामाजिक दोनों क्षेत्रों का ध्यान आकर्षित किया, जहां पारिवारिक परंपराओं और सांस्कृतिक रंगों के बीच नवदंपति ने अपने नए जीवन की शुरुआत की।
Trending News