पटना JDU ऑफिस के बाहर लगे पोस्टर, RCP सिंह और निशांत कुमार को पार्टी में आने का न्योता
बिहार की जनता चाहती है कि आरसीपी सिंह के साथ इंजीनियर निशांत कुमार जी जल्द से जल्द जदयू पार्टी ज्वाइन करें.
बिहार की जनता चाहती है कि आरसीपी सिंह के साथ इंजीनियर निशांत कुमार जी जल्द से जल्द जदयू पार्टी ज्वाइन करें. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाएं." जदयू कार्यालय पटना के बाहर इस तरह के पोस्टर लगाए गए हैं, जिसमें नीतीश कुमार के साथ आरसीपी सिंह और निशांत कुमार की भी तस्वीर लगी है. इस पोस्टर को जदयू के युवा नेता प्रिंस पटेल और आलोक गौतम ने लगाया है.
एक और पोस्टर लगाया गया है, जिसमें नीतीश कुमार के साथ निशांत कुमार और आरसीपी सिंह की तस्वीर लगी है. इसमें लिखा है 'बिहार के हित में नीतीश कुमार सुन ले पुकार, चाचा-भतीजा की जोड़ी बढ़ाएगी बिहार की शान.' जदयू नेता निशांत कुमार और आरसीपी सिंह को चाचा-भतीजे की जोड़ी बना रहे हैं.
जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह को लेकर जदयू में हलचल है. जदयू कार्य कार्यकर्ताओं के तरफ से पार्टी कार्यालय के सामने ही कई पोस्टर लगाए गए हैं जिसमें नीतीश कुमार निशांत कुमार और आरसीपी सिंह की फोटो एक साथ है.
जदयू में आरसीपी सिंह को लेकर दो खेमा दिख रहा है. एक खेमा चाहता है आरसीपी सिंह जल्द से जल्द जदयू में आ जाए, लेकिन दूसरा खेमा उनके पार्टी में आने का विरोध कर रहा है. अब फैसला नीतीश कुमार को लेना है. सबकी नजर नीतीश कुमार पर ही है. फिलहाल आरसीपी सिंह पूरे मामले में कह रहे हैं कि इंतजार कीजिए.
निशांत कुमार को लेकर भी संशय है. जदयू के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री निशांत कुमार के स्वागत में तैयार हैं, लेकिन अभी तक ना ही निशांत कुमार और ना ही नीतीश कुमार ने इसकी घोषणा की है. हाल में पटना में आयोजित जदयू की सरस्वती पूजा में निशांत कुमार अपने पिता नीतीश कुमार के साथ पहुंचे थे. इस दौरान निशांत कुमार के पक्ष में समर्थकों ने नारा लगाया था.
Trending News