पुलिस-राहुल दुबे गैंग मुठभेड़, दो गिरफ्तार, एक घायल, देसी पिस्तौल व पर्चा बरामद
झारखंड के हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के चंद्रगुप्त कोल परियोजना अंतर्गत बुकरू बैरियर के समीप शुक्रवार देर रात पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई।
झारखंड के हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के चंद्रगुप्त कोल परियोजना अंतर्गत बुकरू बैरियर के समीप शुक्रवार देर रात पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में पुलिस ने गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात लगभग 1:30 बजे बुकरू बैरियर के पास गोली चलने की आवाज सुनी गई। सूचना मिलते ही केरेडारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखकर अपराधी मोटरसाइकिल से भागने लगे। छोटकी बुकरू और बैरियर रोड के बीच पुलिस ने उनका पीछा किया। इसी दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रागिब अफजल के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। दूसरे अपराधी जितेंद्र सोनी को भी पुलिस ने दबोच लिया।
इनमें रागिब अफजल, पिता रफीक अंसारी, निवासी चेपाखुर्द, थाना, बड़कागांव का और जितेंद्र सोनी, पिता ईश्वर सोनी, निवासी चट्टीबरियातू, थाना पगार ओपी, केरेडारी का बताया जा रहा है। घायल रागिब अफजल को इलाज के लिए पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से पुलिस ने एक देसी पिस्तौल, तीन मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और राहुल दुबे गैंग का पर्चा बरामद किया है।
पूछताछ में दोनों ने खुद को राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर दहशत फैलाने और लेवी वसूली के लिए चंद्रगुप्त परियोजना के परिवहन मार्ग पर फायरिंग की थी। घटना की सूचना पर हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार शुक्रवार सुबह खुद घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए। इस कार्रवाई का नेतृत्व बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद ने किया। टीम में केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश मंडल, पगार ओपी प्रभारी दिनेश मंडल, सशस्त्र बल और तकनीकी एवं संगठित अपराध शाखा के जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि गैंग के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
हजारीबाग से सुनील कुमार ठाकुर की रिपोर्ट
Trending News