नीरज कुमार का तेजस्वी यादव को चैलेंज—हिम्मत है तो फैसल रहमान को पार्टी से निकालकर दिखाएं
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने एक बार फिर आरजेडी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सीधे तौर पर तेजस्वी यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो अपने विधायक फैसल रहमान को पार्टी से बाहर निकालकर दिखाएं
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने एक बार फिर आरजेडी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सीधे तौर पर तेजस्वी यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो अपने विधायक फैसल रहमान को पार्टी से बाहर निकालकर दिखाएं। नीरज कुमार ने कहा कि अगर तेजस्वी ऐसा करते हैं, तो उनकी नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी भी खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने इसे खुला चैलेंज बताते हुए कहा कि आरजेडी के अंदर अनुशासन खत्म हो चुका है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जेडीयू में टूट की अटकलों पर भी नीरज कुमार ने साफ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी तरह की कोई टूट नहीं है और जब तक नीतीश कुमार हैं, तब तक टूट का कोई सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार संगठन को मजबूती से चलाते रहेंगे और बिहार की बागडोर भी उन्हीं के हाथ में रहेगी। यह उनका स्पष्ट संकल्प है।
समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश कुमार द्वारा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जनता के सामने आगे बढ़ाने के सवाल पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। नीरज कुमार ने कहा कि यह साफ दिख रहा है कि मुख्यमंत्री उनके प्रति स्नेह और विश्वास जता रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला समय आने पर ही होगा।
वहीं, राज्यसभा चुनाव 2026 के दौरान आरजेडी विधायक फैसल रहमान के वोट नहीं करने का मुद्दा भी चर्चा में है। फैसल रहमान पूर्वी चंपारण की ढाका सीट से विधायक हैं और उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव में महज 178 वोटों से जीत दर्ज की थी। उनकी इस जीत को बीजेपी उम्मीदवार ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया गया है।
Trending News