बिहार में 3 दिन ठंड से राहत, तापमान में बढ़ोतरी, कोहरा रहेगा बरकरार
बिहार के मौसम में आने वाले दिनों में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
बिहार के मौसम में आने वाले दिनों में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। तापमान में इस बढ़ोतरी के कारण ठंड में आंशिक तौर पर कमी आएगी, हालांकि सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड का एहसास बना रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान बढ़ने के बावजूद ठंड पूरी तरह खत्म नहीं होगी। खासकर सुबह के समय कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। आने वाले दो दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
शनिवार को भी राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 22.0 से 28.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 5.4 से 12.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। राज्य का सबसे अधिक तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस गोपालगंज में दर्ज हुआ, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस भागलपुर के सबौर में रिकॉर्ड किया गया।
कोहरे की बात करें तो शनिवार सुबह सबसे कम दृश्यता पूर्णिया में दर्ज की गई, जहां विजिबिलिटी महज 550 मीटर रही। इससे सड़क और रेल यातायात पर भी आंशिक असर देखने को मिला।
राजधानी पटना में रविवार सुबह कोहरा छाए रहने की संभावना है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने की उम्मीद है। धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी। शनिवार को पटना के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। पटना का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Trending News