झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा, जामताड़ा के 16 परीक्षा केंद्रों पर 4380 परीक्षार्थी होंगे शामिल
शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा आलोक कुमार के द्वारा 19 जुलाई 2026 को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सीएम उत्कृष्ट विद्यालय (गर्ल्स), जेबीसी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय, बेसिक स्कूल, प्रोजेक्ट गर्ल्स स्कूल, आरके प्लस टू विद्यालय, यूएचएस शहरडाल, एडवर्ड्स इंग्लिश स्कूल, उत्क्रमित उच्च विद्यालय सोनबाद सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर तैयारियों का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों के लिए की गई सीटिंग अरेंजमेंट, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, साफ-सफाई की व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालयों की व्यवस्था, प्रकाश एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, फ्रिस्किंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा तथा अन्य सभी आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान कई परीक्षा केंद्रों में उन्होंने प्रकाश की समुचित हेतु जरूरी दिशा निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने परीक्षार्थियों के बैग आदि सामग्री को रखने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया।वहीं उपायुक्त ने संबंधित केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा आयोजन से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का पुनः सत्यापन कर लें तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रियाओं का अक्षरशः अनुपालन किया जाए एवं परीक्षा पूरी पारदर्शिता, शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
इसके अलावा उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सघन फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने एवं किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित एवं अनुचित सामग्री का परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं हो, इसे सुनिश्चित करने, साथ ही केंद्रों पर अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्णतः रोक लगाने एवं संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में देखते हुए सभी मूलभूत सुविधाएं यथा पेयजल, शौचालय आदि को सुलभ कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का लिए जायजा
वहीं विद्यालयों के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने छात्रों एवं शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यालय एवं वर्ग कक्षों की स्थिति, लाइब्रेरी, फिजिक्स, साइंस एवं केमिस्ट्री लैब, आईसीटी लैब के जायजा लेकर संबंधित शिक्षकों को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का निर्देश दिया। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों में आवश्यक मरम्मति, चहारदीवारी निर्माण सहित अन्य कार्यों को लेकर कई बिंदुओं पर आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश दिया।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 19 जुलाई 2026 को जेपीएससी द्वारा जिले के 16 परीक्षा केंद्रों में क्षेत्रीय कार्यकर्ता की परीक्षा आयोजित की जा जाएगी, जिसमें कुल 4380 परीक्षार्थी ही सम्मिलित होंगे। परीक्षा आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों के समन्वय के साथ समुचित तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है।इस मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मी आदि मौजूद रहे।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट
Trending News