दोनों हाथों से चलाता हूं राइफल, बेवजह परेशान न करे पुलिस, वायरल हुआ युवक का वीडियो
राज्य के पूर्वी चंपारण जिले से हैरान करने वाली खबर है। यहां एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडिया जारी कर पुलिस को खुलेआम धमकी दी है। युवक का कहना है कि पुलिस उसे बिना किसी वजह के प्रताडित कर रही है। वह दोनों हाथों से राइफल चलाता है। युवक का यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि स्वराज पोस्ट इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
मिली जानकारी के अनुसार मोतिहारी के बिजधरी थाना क्षेत्र में एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस को खुलेआम धमकी दी है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। वायरल वीडियो में युवक ने मोतिहारी पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उसे बेवजह परेशान किया गया तो वह किसी को नहीं छोड़ेगा। उसने दावा किया कि वह दोनों हाथों से राइफल चलाना जानता है और उसके पास हथियारों की कोई कमी नहीं है। युवक ने बिजधरी थाना में घुसकर गोली मारने तक की धमकी दी है। उसने थानाध्यक्ष सीमा कुमारी का नाम लेते हुए उन्हें भी अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। युवक ने पुलिस पर अपने परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया है।
वायरल वीडियो में युवक यह कहते हुए दिख रहा है कि यदि पुलिस को कोई पूछताछ करनी है तो सीधे उससे की जाए। वह, जहां बुलाया जाएगा, वहां पहुंचने को तैयार है। उसने अपने भाई की पूर्व में हुई हत्या के लिए प्रशासन और गांव के कुछ लोगों को भी जिम्मेदार ठहराया। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस भी तुरंत हरकत में आ गई और वीडियो की जांच शुरू कर दी। बिजधरी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने बताया कि वीडियो जारी करने वाले युवक की पहचान सुन्दरापुर निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है। पुलिस उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी हुई है। सूत्रों के अनुसार, यह मामला शनिवार को सुन्दरापुर में हुए गोलीकांड से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पूर्वी चंपारण से सोहराब आलम की रिपोर्ट
Trending News