भागलपुर के गौशाला प्रांगण में लगी भीषण आग, चार दमकल की गाड़ियां पहुंची
भागलपुर शहर के गौशाला प्रांगण में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं फैल गया और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
भागलपुर शहर के गौशाला प्रांगण में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं फैल गया और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। इसके बाद तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की चार दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दमकल कर्मियों ने तेज़ी से मोर्चा संभालते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले भी छोटी-मोटी आग की घटनाएं देखी हैं, लेकिन इस बार आग की लपटें बेहद विकराल थीं। लोगों का कहना है कि यदि दमकल की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंचतीं, तो आग और भी भयावह रूप ले सकती थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आग किन परिस्थितियों में लगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच रिपोर्ट आने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।
भागलपुर से अमरजीत की रिपोर्ट
Trending News