भाभी से किया मजाक, बड़े भाई ने दाग दी सीने में गोली, हालत गंभीर
राज्य के भोजपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर है। यहां भाभी से मजाक करना देवर को भारी पड़ गया। भाभी से मजाक करने से नाराज युवक के बड़े भाई ने उसके सीने में गोली दाग दी। जिसे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। पूरी घटना जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर भकुरा गांव की है।
मिली खबर के अनुसार जिले के श्रीनगर भकुरा गांव के निवासी मोनू कुमार शर्मा को उसके ही बडे भाई ने सीने में गोली मार दी। बताया जा रहा है कि मोनू की भाभी एक होटल में काम करती है। जब वह काम करके वापस अपने घर लौटी तो मोनू ने अपने भाभी से मजाक के तौर पर यह कहा कि आप होटल से काम करके वापस आ गई? इसके बाद उसकी भाभी ने यह बात मोनू के बड़े भाई से बता दिया। मिली जानकारी के अनुसार बड़े भाई ने इसके बाद अपने छोटे भाई से गाली गलौज की। इस दौरान दोनों भाइयों के बीच कहा सुनी हो गई। जख्मी का यह भी कहना है कि उसने मजाक को लेकर माफी भी मांग ली। लेकिन इसके बाद भी उसके बड़े भाई का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने सीने में गोली मार दी।
इधर घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने परिजनों से भी इस बारे में पूरी जानकारी ली। वही बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी बड़ा भाई मौके से फरार हो गया।
इधर घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। अब इस पूरी घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी हुई है। जख्मी के बयान को भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी भाई की तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Trending News