बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से हुए चुनाव में ऐतिहासिक विजय के बाद मंत्री एवं भाजपा विधायक नितिन नवीन द्वारा पटना के स्काउट और गाइड मैदान में कार्यकर्ता सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह समारोह पार्टी संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनसमर्थन को समर्पित रहा। समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, बूथ स्तर के कार्यकर्ता, वरिष्ठ नेता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री ने चुनावी सफलता का श्रेय पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को देते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पार्टी संगठन की सामूहिक मेहनत, अनुशासन और जनसेवा के संकल्प की जीत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर सरकार की नीतियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुँचाया, जिसके परिणामस्वरूप जनता ने भरपूर विश्वास और समर्थन दिया।
मंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं ने हर परिस्थिति में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह उसी समर्पण और संघर्ष को नमन करने का एक छोटा सा प्रयास है। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आगे भी जनसेवा, संगठन विस्तार और विकास के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ता अपने परिवार के साथ पहुंचे जिससे सभी में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे आयोजन स्थल पर जोश और उत्सव का माहौल रहा।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए वे पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करेंगे। कार्यकर्ता सम्मान समारोह के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा आगामी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री दिलीप जसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय सांसद रवि शंकर प्रसाद, मंत्री राम कृपाल यादव, नन्द किशोर यादव, सांसद विवेक ठाकुर, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय गुप्ता, पूर्व विधायक अरुण सिन्हा, श्रीमती लाजवंती झा जी (प्रदेश महामंत्री), रूप नारायण मेहता (अध्यक्ष), श्रीमती रेशमी चंद्रवंशी (डिप्टी मेयर), आरिफ कमल, (जेडीयू), संजय पासवान (लोजपा), रणविजय पासवान (हम), खुर्शीद अहमद (रा लो मी), प्रेम रंजन चतुर्वेदी, (जिला प्रभारी), संजय खंडेलिया (प्रदेश उपाध्यक्ष), धनराज शर्मा, (सह क्षेत्रीय प्रभारी), राजेश कुमार चंद्रवंशी, (विधानसभा प्रभारी), नीलरतन घोष जी, राधिका रमण, जितेन्द्र जी, प्रमोद सिंह, संजय कुमार पप्पु भी उपस्थित रहे।