पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक एवं प्रचंड विजय के उपरांत आज बांकीपुर और पटना साहिब विधानसभा में "कार्यकर्ता सम्मान समारोह" का आयोजन किया गया। इस सम्मान समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया और उत्साहवर्द्धन किया।
इस समारोह में भाजपा के कार्यकर्ता, कई गणमान्य लोग और मतदाता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में आए लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और बिहार के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने सभी कार्यकर्ताओं के अलावा बिहार के मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की जीवित पहचान हैं और प्रत्येक जीत का पहला प्रमाण हैं।
उन्होंने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बने समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान और उनके अथक परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के लिए आभार व्यक्त करने से बड़ी खुशी और कुछ नहीं हो सकती है।
उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत को लेकर कहा कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और विश्वास ही एनडीए की इस ऐतिहासिक जीत का आधार है। उन्होंने आगे कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बिहार के विकास एवं जनसेवा के संकल्प को और अधिक दृढ़ता से आगे बढ़ाने का अब उत्तरदायित्व भी हम लोगों का है। उन्होंने दावा किया कि इस उत्तरदायित्व को भी हम निभाएंगे।
भाजपा अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल ने दावा किया कि हम सभी मिलकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए बिहार के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ेंगे। यह विजय कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता के विश्वास और विकासोन्मुखी राजनीति की जीत है।
इस समारोह को संबोधित करते हुए बिहार के उप मुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि जन-जन के लिए समर्पित सरकार के अनुशासन और क्षेत्र में विकास की मजबूत बागडोर भी हमारे कार्यकर्ताओं से संभव है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जीत कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, वैचारिक प्रतिबद्धता और समर्पण भाव का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की जीत हमारे कार्यकर्तागण के लगन और सामूहिक शक्ति का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जिसे कभी नकारा नहीं जा सकता है।
इधर, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने समारोह में आये कार्यकर्ताओं के उत्साह, समर्पण और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा को नमन करते हुए कहा कि कर्मठ कार्यकर्ता ही भाजपा की रीढ़ और शक्ति हैं। उनके परिश्रम और संकल्प से ही संगठन निरंतर मजबूत होता है और जनसेवा का संकल्प साकार होता है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को भरोसा देते हुए कहा कि इस सरकार में जनता की समस्याओं का हल होगा और बिहार को विकसित बिहार बनाने के लिए हर प्रयास किए जाएंगे।
इस समारोह में सांसद रविशंकर प्रसाद, सांसद विवेक ठाकुर, बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, बिहार के मंत्री नितिन नबीन, विधायक रत्नेश कुशवाहा, संजीव चौरसिया, संजय गुप्ता, प्रदेश महामंत्री लाजवंती झा, उपाध्यक्ष संजय खंडेलिया, अमृता भूषण राठौड़, प्रवक्ता अरविंद सिंह, सुषमा साहू, प्रभाकर मिश्रा, संजीव मिश्रा, पटना जिला अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, जिला प्रभारी सहित प्रदेश के कई पदाधिकारी और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।