उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा किसी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं हैं।
31 दिसंबर को सहरसा को और उसके बाद 4 जनवरी को भूमि सुधार जनकल्याण संवाद आयोजित करने की घोषणा उन्होंने की है।
मंत्री विजय सिन्हा ने एक बार फिर अधिकारियों के रवैये पर कड़ा संदेश दिया है। मीटिंग में आने से पहले कुछ अधिकारियों की ओर से बीमारी का बहाना बनाया गया। इस पर उन्होंने कहा कि सभी को स्वस्थ होना होगा और सरकार पूरे विभाग को "स्वस्थ” कर देगी।
सिस्टम को दुरुस्त किया जाएगा और काम में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
अधिकारियों की नाराज़गी पर कहा- जनता के लिए आगे भी काम करते रहेंगे।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से लगाए जा रहे विशेष कैंपों को लेकर अधिकारियों की नाराज़गी पर प्रतिक्रिया दी। विजय सिन्हा ने कहा कि सरकार अपना काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य किसी की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं है।
उन्होंने कहा कि मेरा काम जनता के लिए काम करना है और यह काम आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ये कैंप आम लोगों को राहत देने के लिए लगाए जा रहे हैं। ताकि भूमि से जुड़े मामलों में उन्हें दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।