दावोस में झारखण्ड की तकनीकी उड़ान पर मंथन, इंफोसिस ग्लोबल के साथ CM हेमंत सोरेन की अहम बैठक
दावोस में झारखण्ड की तकनीकी उड़ान पर मंथन, इंफोसिस ग्लोबल के साथ CM हेमंत सोरेन की अहम बैठक
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की बैठक के दौरान दावोस में झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और इंफोसिस ग्लोबल (कैलिफ़ोर्निया) के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट आशीष कुमार दास के बीच महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। इस बैठक में राज्य के दीर्घकालिक विकास रोडमैप और तकनीक आधारित प्रगति को गति देने के लिए संभावित साझेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इंफोसिस के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व और विकास संबंधी सोच की सराहना करते हुए झारखण्ड सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। बातचीत में री-स्किलिंग कार्यक्रमों, टेक्नोलॉजी टॉवर जैसी अवधारणाओं और खनन क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के जरिए डिजिटल बदलाव को राज्य के विकास एजेंडे का अहम हिस्सा बताया गया।
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि झारखण्ड के युवाओं को डिजिटल टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कौशलों से लैस करना समय की आवश्यकता है। इसी क्रम में इंफोसिस के विंग्सपैन प्लेटफॉर्म के माध्यम से कौशल विकास की संभावनाओं पर आगे विस्तृत चर्चा करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा खनन उद्योग में उत्पादकता, सुरक्षा और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए इंफोसिस द्वारा विकसित एआई आधारित डिजिटल समाधान प्रस्तुत करने पर भी सहमति बनी। इस विषय पर फरवरी में एक वर्चुअल सत्र आयोजित किया जाएगा।
तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में इंफोसिस ग्लोबल ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को इंफोसिस हाउस के भ्रमण का आमंत्रण दिया है, जहां अत्याधुनिक एआई आधारित नवाचारों और समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा।
Trending News