कोहरे की मार के बीच रांची प्रशासन सख्त, फ्लाइट कैंसिलेशन के बाद यात्रियों से मनमाना होटल किराया वसूलने पर रोक

कोहरे की मार के बीच रांची प्रशासन सख्त, फ्लाइट कैंसिलेशन के बाद यात्रियों से मनमाना होटल किराया वसूलने पर रोक

कोहरे की मार के बीच रांची प्रशासन सख्त, फ्लाइट कैंसिलेशन के बाद यात्रियों से मनमाना होटल किराया वसूलने पर रोक
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Dec 13, 2025, 3:15:00 PM

सर्दियों के मौसम में कोहरा और प्रतिकूल मौसम रांची एयरपोर्ट की उड़ान सेवाओं पर लगातार असर डाल रहा है। कई फ्लाइट्स के रद्द होने या समय से काफी देर से संचालित होने के कारण यात्रियों को अचानक शहर में ठहरने की जरूरत पड़ रही है। इसी पृष्ठभूमि में रांची जिला प्रशासन ने होटल, लॉज और गेस्ट हाउस संचालकों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

प्रशासन ने आदेश दिया है कि उड़ान रद्द या विलंब की स्थिति का फायदा उठाकर कमरों के किराए में कोई असामान्य या मनमानी बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। यात्रियों से वही दर वसूली जाए, जो सामान्य परिस्थितियों में तय और प्रचलित है।

साथ ही होटल संचालकों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे प्रभावित यात्रियों के साथ सहयोगपूर्ण और संवेदनशील रवैया अपनाएं। किसी भी तरह के अतिरिक्त, छिपे हुए या अनधिकृत शुल्क लेने पर पूरी तरह रोक रहेगी।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के हवाले से प्रशासन ने बताया कि दिसंबर और जनवरी के महीनों में घने कोहरे के चलते खासकर उत्तर भारत से आने-जाने वाली उड़ानों में अक्सर व्यवधान उत्पन्न होता है। इसी दौरान कुछ स्थानों से होटल किराए बढ़ाने की शिकायतें सामने आई थीं, जिन्हें जिला प्रशासन ने अनुचित और अस्वीकार्य करार दिया है।

जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि तय निर्देशों का उल्लंघन करने वाले होटल संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी से अपील की गई है कि कठिन परिस्थितियों में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सहयोग को प्राथमिकता दें तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखें।