लखनऊ में संपन्न 69वीं राष्ट्रीय स्कूली अंडर-17 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड की होनहार एथलीट ओबामी मुर्मू ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राज्य को बड़ी उपलब्धि दिलाई है। प्रतियोगिता के अंतिम दिन ओबामी ने लॉन्ग जंप स्पर्धा में 5.60 मीटर की शानदार छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और खेल इकाइयों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबले के बीच ओबामी मुर्मू का प्रदर्शन सबसे अलग नजर आया, जिसने झारखंड की उभरती खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से पहचान दिलाई।
झारखंड की एथलेटिक्स टीम इस प्रतियोगिता में कोच जटाशंकर पांडेय के प्रशिक्षण, मैनेजर प्रशांत कुमार और टीम अधिकारी गीतांजलि सिंह के नेतृत्व में शामिल हुई थी। टीम प्रबंधन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया।
ओबामी मुर्मू की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें बधाई दी है। इसके साथ ही शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने भी उनकी सफलता पर खुशी जताई।
सभी ने ओबामी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि वह आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन करेंगी। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने इस सफलता को राज्य में स्कूली खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम उपलब्धि बताया है और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निरंतर सहयोग देने का भरोसा दिलाया है।