बिहार में जन मुद्दों को धार देने की तैयारी, कांग्रेस शुरू करेगी ‘प्रेस संवाद’ अभियान

बिहार में जन मुद्दों को धार देने की तैयारी, कांग्रेस शुरू करेगी ‘प्रेस संवाद’ अभियान

बिहार में जन मुद्दों को धार देने की तैयारी, कांग्रेस शुरू करेगी ‘प्रेस संवाद’ अभियान
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Apr 13, 2026, 4:07:00 PM

राज्य में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और बुनियादी सेवाओं की स्थिति को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच बिहार प्रदेश कांग्रेस ने एक नए जनसंपर्क अभियान का ऐलान किया है। पार्टी अब संगठित तरीके से जनता से जुड़े अहम सवालों को उठाने के लिए राज्यभर में संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने पटना स्थित सदाकत आश्रम में इस पहल की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं, आर्थिक अनियमितताएं, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की कमजोर हालत, तथा किसानों और मजदूरों से जुड़े मुद्दे लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। ऐसे में इन विषयों को प्रभावी ढंग से सामने लाना और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य होगा।

इस योजना के तहत हर जिले में कांग्रेस इकाइयों को सक्रिय भूमिका दी गई है। जिला स्तर पर पार्टी के अध्यक्ष नियमित अंतराल पर स्थानीय मुद्दों को लेकर मीडिया के साथ संवाद करेंगे। इन कार्यक्रमों की रिपोर्ट प्रदेश मुख्यालय को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर राज्य स्तर पर भी प्रेस वार्ताओं का आयोजन किया जाएगा। इन संवादों में पार्टी के प्रवक्ता, संबंधित जिले के पदाधिकारी और पर्यवेक्षक शामिल रहेंगे।

राजेश राम ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि आम लोगों के साथ सीधे जुड़ने का माध्यम बनेगा। इससे संगठन की जमीनी पकड़ मजबूत होगी और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की समस्याओं को व्यापक स्तर पर उठाने में मदद मिलेगी। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस भविष्य में भी जन सरोकार से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी और लोगों की आवाज़ को बुलंद करती रहेगी।