हैदरनगर हाई स्कूल के पास 1 नवंबर को हुई गोलीकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में महुअरी के आकाश कुमार सिंह उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने लोहरपुरा के प्रिंस मेहता के कहने पर नीरज चंद्रवंशी को गोली मारी थी। इसके लिए उसे 70 हजार रुपये की सुपारी दी गई थी।
नीरज की बहन की मौत को लेकर नाराजगी
पुलिस जांच के अनुसार, प्रिंस मेहता की चचेरी बहन का प्रेम संबंध नीरज चंद्रवंशी के साथ था। लगभग दो साल पहले उसकी चचेरी बहन ने आत्महत्या कर ली थी। प्रिंस मेहता इस मौत के लिए नीरज को जिम्मेदार मानता था। इसी नाराजगी के चलते उसने हत्या के लिए सुपारी दी। इस वारदात में प्रिंस का साथी सुमित मेहता भी शामिल था।
योजना के अनुसार, आकाश कुमार सिंह ने 1 नवंबर को नीरज पर गोली चलाई, लेकिन नीरज बाल-बाल बच गया और घायल अवस्था में उसी दिन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आकाश पर पहले से दर्ज है मामला
हैदरनगर थाना में इस घटना को लेकर मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद पलामू एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ हुसैनाबाद मो. याकूब के नेतृत्व में SIT गठित की गई। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी गोलू को दबोच लिया।
पूछताछ में आकाश कुमार ने पूरी योजना का खुलासा किया। पुलिस की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चोरी की पैशन प्रो बाइक, कपड़े, जूते और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
जानकारी के अनुसार, आकाश कुमार सिंह के खिलाफ पहले भी हुसैनाबाद थाना में लूट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है।