लोहरदगा में आयोजित बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजकों ने इस कार्यक्रम को खास और यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है।
इसी क्रम में लोहरदगा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को 13 फरवरी को होने वाले समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण सौंपा। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए समारोह में उपस्थित रहने की सहमति दे दी है।
धीरज प्रसाद साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट के दौरान उन्हें समापन कार्यक्रम की रूपरेखा और आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगी और जिले में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
इस समापन समारोह में क्रिकेट जगत की चर्चित हस्तियों के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी हरभजन सिंह और वीरेंद्र सहवाग भी कार्यक्रम में उपस्थित हो सकते हैं। यदि दोनों खिलाड़ी आते हैं, तो आयोजन की भव्यता और बढ़ जाएगी। इसे लेकर जिले के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धीरज प्रसाद साहू के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए कहा कि “धीरू बाबू मेरे अभिभावक समान हैं, उनकी बात को कौन टाल सकता है।” मुख्यमंत्री के इस बयान की राजनीतिक और खेल जगत में सकारात्मक चर्चा हो रही है।
गौरतलब है कि यह टूर्नामेंट लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसमें विभिन्न टीमों के बीच लगातार रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना और खेल संस्कृति को मजबूती देना है।
मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात के दौरान अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी भी मौजूद थे। अब जिलेवासियों की नजरें 13 फरवरी को होने वाले समापन समारोह पर टिकी हुई हैं, जिसे ऐतिहासिक बनाने की दिशा में तैयारियां तेजी से जारी हैं।