हजारीबाग जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। अंगो थाना क्षेत्र और चुरचू प्रखंड के गोंदवार गांव में हाथियों के झुंड ने सो रहे ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिसमें छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक साल का बच्चा और तीन साल की बच्ची भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुई, जब पांच हाथियों का दल अचानक गांव में घुस आया। उस समय अधिकांश लोग अपने घरों में गहरी नींद में थे। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हाथियों ने एक घर का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां सो रहे लोगों को कुचल दिया।
इस हमले में सुमन कुमारी (26), सविता देवी (25), धनेश्वर राम (52), सूरज राम (50), अनुराग राम (1) और संजना कुमारी (3) की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का झुंड पिछले करीब एक महीने से इलाके में घूम रहा था। वन विभाग की ओर से अलर्ट भी जारी किए जा रहे थे, लेकिन इसके बावजूद इतनी बड़ी घटना को रोका नहीं जा सका।
पूर्वी वन प्रमंडल के डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वन विभाग पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और नियमानुसार सहायता प्रदान की जाएगी।
गौरतलब है कि हजारीबाग समेत आसपास के इलाकों में हाथियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। रामगढ़ और गोमिया प्रखंड में भी हाथियों के हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में गोमिया में भी इसी तरह के हमले में पांच लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रही मौतों ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।