गुमला जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर तेज रफ्तार एक अज्ञात हाईवा ने टाटा मैजिक पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिकअप वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे में पिकअप पर सवार चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। जब तक स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की, तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। बिखरा हुआ सामान और क्षतिग्रस्त वाहन इस हादसे की भयावहता को साफ दर्शा रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टाटा मैजिक पिकअप में सवार सभी लोग रांची से गुमला की ओर तिलकुट बेचने जा रहे थे। सुबह-सुबह माल लेकर निकले इन लोगों की यात्रा भड़गांव के पास हादसे में तब्दील हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक और घायल सभी रांची के रहने वाले हैं, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनकी पहचान की पुष्टि नहीं हो पाई थी।
पुलिस का अनुमान है कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने लापरवाही से पिकअप को टक्कर मारी और हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही भरनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों को पहले सिसई रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, फरार हाईवा वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए छानबीन तेज कर दी गई है। मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थानों के साथ-साथ रांची पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है।