होली पर बिहारियों को राहत, पहले दिन 51 बसें रवाना, तीन दिन में हजारों प्रवासी पहुंचे अपने घर

होली के मौके पर घर लौटने वाले बिहारियों के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने दिल्ली, हरियाणा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के लिए स्पेशल इंटरस्टेट बस सेवा शुरू कर दी है.

होली पर बिहारियों को राहत, पहले दिन 51 बसें रवाना, तीन दिन में हजारों प्रवासी पहुंचे अपने घर
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
: Feb 27, 2026, 9:20:00 PM

होली के मौके पर घर लौटने वाले बिहारियों के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने दिल्ली, हरियाणा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के लिए स्पेशल इंटरस्टेट बस सेवा शुरू कर दी है. यह सेवा 23 मार्च तक चलेगी. परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि 23 से 25 फरवरी के बीच टिकट बुकिंग पर यात्रियों को करीब 52 लाख 22 हजार रुपये की सीट और त्योहार सब्सिडी दी गई. इन तीन दिनों में लगभग 8 हजार लोगों ने सफर किया.

पहले दिन 51 एसी सीटर और स्लीपर बसें चलाई गईं. करीब 2300 यात्रियों ने यात्रा की और 94 फीसदी सीटें भरी रहीं. सिर्फ पहले दिन ही 15 लाख 85 हजार रुपये की सब्सिडी दी गई. इस दौरान 28 बसें बिहार से बाहर गईं, जबकि 23 बसें अन्य राज्यों से बिहार लौटीं. दिल्ली-मुजफ्फरपुर, दिल्ली-सीतामढ़ी और दिल्ली-सिवान रूट पर सबसे ज्यादा भीड़ रही.

मुजफ्फरपुर से दिल्ली के लिए सात बसें, सीतामढ़ी से पांच, पटना से पांच और सीवान से तीन बसें रवाना हुईं. गया और किशनगंज से दो-दो बसें चलीं. मधुबनी, सुपौल, शिवहर और अररिया से भी बसें चलाई गईं. 24 फरवरी को 2524 यात्रियों ने सफर किया और उन्हें 18 लाख 44 हजार रुपये की सब्सिडी मिली. 25 फरवरी को 2353 यात्रियों ने यात्रा की. इस पर 17 लाख 92 हजार रुपये से ज्यादा की छूट दी गई.

26 फरवरी को भी बसों की अच्छी मांग रही. इस दिन बिहार से बाहर जाने वाली 26 एसी बसों में 92 फीसदी सीटें भरी रहीं. बीएसआरटीसी ने बताया कि होली और ईद को देखते हुए दिल्ली-हरियाणा रूट पर 118 एसी बसें चलाई जाएंगी. इनमें पटना, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, दरभंगा और गया से चलने वाली बसें भी शामिल है. आने वाले दिनों में अगर भीड़ और बढ़ती है तो बसों की संख्या बढ़ाने का भी प्लान है.