झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
: Mar 09, 2026, 10:32:00 AM

मार्च की शुरुआत के साथ ही झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाने लगे हैं और हल्की बारिश की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने 9 और 10 मार्च को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान कई जिलों में गरज के साथ हल्की वर्षा और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पूर्वी झारखंड और उससे सटे मध्य जिलों में इन दो दिनों के दौरान आंशिक से लेकर घने बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

पूर्वानुमान के मुताबिक 9 मार्च को बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 10 मार्च को बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में आंशिक बादल रहने के साथ कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान गर्जना और तेज हवा चलने की स्थिति भी बन सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के असर से हो रहा है। इसके कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है और बादल बनने की प्रक्रिया तेज हुई है। राजधानी रांची और उसके आसपास के क्षेत्रों में भी अगले दो दिनों तक मौसम बदला हुआ रहेगा। यहां आंशिक बादल छाने के साथ गरज वाले बादल बनने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।

रांची में इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान वज्रपात की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतें।

विभाग के मुताबिक 11 मार्च से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और 12 मार्च तक अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहने की संभावना है। इसके बाद धूप तेज होने के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान है कि मार्च के तीसरे सप्ताह के अंत तक जमशेदपुर समेत दक्षिणी जिलों में पारा 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।