झारखंड में एक बार फिर मौसम ने अचानक करवट ली है। राज्य के कई इलाकों में तेज हवा, आंधी और बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। गिरिडीह, सरायकेला-खरसावां और खरसावां क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश हुई।
हालांकि राजधानी रांची और खूंटी में बारिश नहीं हुई, लेकिन शाम के समय चली तेज हवाओं और आसमान में छाए बादलों के कारण मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस किया गया। इससे दिनभर की गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली और वातावरण सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के मुताबिक 10 मार्च तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आंधी, बारिश और वज्रपात की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। विभाग ने संकेत दिया है कि इसके बाद यानी 11 मार्च से मौसम साफ होने लगेगा। मौसम साफ होते ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अचानक 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी का असर फिर बढ़ने की संभावना है।
पिछले कुछ दिनों में राज्य के पूर्वी जिलों (देवघर, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, गिरिडीह और धनबाद) में तापमान काफी बढ़ गया था और अधिकतम पारा लगभग 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। हालांकि हाल में हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और फिलहाल यह 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। इन इलाकों में आज भी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर सहित कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने समय-समय पर येलो अलर्ट जारी किया। वहीं 10 मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे के बीच संभावित खराब मौसम को देखते हुए तीन येलो अलर्ट और दो ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए, ताकि आंधी, तेज बारिश और वज्रपात से जुड़े जोखिमों को लेकर लोगों को पहले से सतर्क किया जा सके।