रांची के मोरहाबादी मैदान में 26 जनवरी को होने वाले राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह से पहले फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। यह रिहर्सल उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की निगरानी में संपन्न हुई। अभ्यास के दौरान गणतंत्र दिवस समारोह के पूरे कार्यक्रम को वास्तविक समय की तरह दोहराया गया, ताकि मुख्य आयोजन के दिन किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
रिहर्सल के क्रम में उपायुक्त और एसएसपी ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने परेड में शामिल सभी टुकड़ियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, समयबद्धता और समन्वय को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद समारोह में तैनात सभी पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस बैठक में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अपर जिला दंडाधिकारी, रांची ने गणतंत्र दिवस समारोह के लिए जारी संयुक्त आदेश की विस्तृत जानकारी सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को दी।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समय पर अपने-अपने दायित्व स्थलों पर पहुंचकर जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय समारोह की सफलता सभी विभागों के बीच प्रभावी समन्वय पर निर्भर करती है। झांकियों के निर्धारित समय पर प्रदर्शन, सुदृढ़ मेडिकल व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रवेश द्वारों पर कड़ी फ्रीस्किंग की व्यवस्था हो और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी सख्ती से पालन किया जाए। वहीं, उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया ने झांकियों के अनुशासित और सुचारू प्रदर्शन के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
राज्यस्तरीय समारोह की परेड में भारतीय सेना सहित सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, झारखंड जगुआर, जेएपी-1, जेएपी-2, डीएपी (पुरुष एवं महिला), एसएसबी, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेएपी-10 (महिला बटालियन), होमगार्ड और एनसीसी (गर्ल्स एवं बॉयज) की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।
समारोह के दौरान भारतीय सेना, जेएपी-1, होमगार्ड और जेएपी-10 (महिला) की बैंड पार्टियां अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी।