वसंत पंचमी के पावन अवसर पर झारखंड की राजनीति में एक अहम परिवर्तन देखने को मिला, जब कांग्रेस की पूर्व प्रदेश महासचिव (युवा कांग्रेस) अंशु तिवारी सिन्हा ने अपनी पुरानी पार्टी से नाता तोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
राज्य भाजपा कार्यालय में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज की उपस्थिति में अंशु तिवारी सिन्हा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान उन्हें भाजपा का अंगवस्त्र पहनाकर संगठन में स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा में उनके शामिल होने पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं। दोनों नेताओं ने इसे संगठन के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि उनके अनुभव और सक्रियता से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।
इस मौके पर युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि अंशु तिवारी सिन्हा के पार्टी में आने से भाजपा, विशेषकर युवा मोर्चा, को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि एक अनुभवी और सक्रिय महिला नेता के रूप में अंशु तिवारी सिन्हा राज्य में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को और सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा भाजपा से जुड़ रहे हैं।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अंशु तिवारी सिन्हा ने कहा कि उनका उद्देश्य झारखंड की बेटियों और महिलाओं की आवाज बनना है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव की आकांक्षा रखती हैं। उन्होंने कहा कि वे चाहती हैं कि प्रदेश के युवा सिर्फ राजनीति तक सीमित न रहें, बल्कि नीतियों के निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और भाजपा की कार्यसंस्कृति से प्रेरित होकर पार्टी से जुड़ने की बात कही और संगठन को मजबूत करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।