झारखंड के बोकारो जिले में आपराधिक घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के आमतल–काशिझरिया इलाके में स्थित आनंदमार्ग से जुड़े गुरुकुल पब्लिक स्कूल को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाते हुए गुरुवार देर रात बड़े पैमाने पर आगजनी की वारदात को अंजाम दिया। इस हमले में स्कूल परिसर में खड़े चार वाहन, जिनमें तीन बसें और एक टाटा मैजिक शामिल है, पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के बाद से इलाके में भय का माहौल है। स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ बच्चों के अभिभावकों में भी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है।
पूरी तैयारी के साथ दिया गया अंजाम
विद्यालय के निदेशक कृष्ण गोपाल पाण्डेय के अनुसार, यह घटना रात करीब 10 बजे के बाद सुनियोजित तरीके से की गई। सबसे पहले अपराधियों ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए, ताकि किसी प्रकार की रिकॉर्डिंग न हो सके। इसके बाद ड्यूटी पर मौजूद चौकीदार देवी लाल को उनके कमरे में बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया गया। यही नहीं, उनके आवासीय कक्ष को भी बाहर से लॉक कर उन्हें बाहर निकलने से रोका गया।
इन सबके बाद अपराधियों ने परिसर में खड़ी बसों और टाटा मैजिक में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
बताते चलें कि आग की चपेट में आने वाले वाहनों में एक 55 सीटर, एक 53 सीटर, एक 43 सीटर स्कूल बस और एक टाटा मैजिक शामिल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में सभी वाहन जलकर खाक हो गए। ये वाहन रोजाना छात्रों के आवागमन में उपयोग किए जाते थे, जिससे स्कूल की परिवहन व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। जानकारी के अनुसार, कमरे में बंद चौकीदार ने धुआं और आग की लपटें देख किसी तरह स्कूल निदेशक को फोन कर सूचना दी। इसके बाद तुरंत पिंड्राजोरा थाना और दमकल विभाग को अवगत कराया गया। पुलिस और अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुके थे।
प्रबंधन ने जताई चिंता
निदेशक कृष्ण गोपाल पाण्डेय ने बताया कि सभी वाहनों का बीमा कराया गया था, फिर भी इस घटना से स्कूल को गंभीर आर्थिक नुकसान और व्यवस्थागत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि न तो किसी से व्यक्तिगत रंजिश है और न ही स्कूल से जुड़ा कोई विवाद सामने आया है, ऐसे में किसी पर सीधा आरोप लगाना संभव नहीं है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों की पहचान करने की मांग की है।
पिंड्राजोरा थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने के लिए हर संभावित पहलू की जांच की जा रही है।