बिहार में ठंड का अटैक, गयाजी, रोहतास और राजगीर सबसे ठंडा, 7°C के करीब पहुंचा पारा
बिहार में भीषण ठंड के बीच नववर्ष का आगाज होगा। कंपकंपी और ठिठुरन के बीच लोग नव वर्ष मनाने को मजबूर होंगे। सर्द पछुआ की रफ्तार अधिक रहने के कारण लोगों कंपकंपी वाली ठंड से राहत नहीं मिल रही है।
बिहार में भीषण ठंड के बीच नववर्ष का आगाज होगा। कंपकंपी और ठिठुरन के बीच लोग नव वर्ष मनाने को मजबूर होंगे। सर्द पछुआ की रफ्तार अधिक रहने के कारण लोगों को कंपकंपी वाली ठंड से राहत नहीं मिल रही है। इसी कारण राज्य के ज्यादातर जिलों में दो दिनों तक शीत लहर और कोहरा छाये रहने के आसार हैं।
बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और अगले एक सप्ताह तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। 6 जनवरी के बाद कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी बुधवार को प्रदेश के 25 जिलों में कोल्ड-डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, यह स्थिति 5 जनवरी तक बनी रहेगी।
पिछले 24 घंटे में गयाजी, रोहतास और राजगीर सबसे ठंडा जिला रहा। इस जिलों का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। इधर पटना में बढ़ती ठंड को देखते हुए 2 जनवरी तक 8वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
राजधानी पटना में भी ठंड और कोहरे का असर बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। दिन में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही ठंडी पछुआ हवा के कारण ठिठुरन अधिक महसूस की जाएगी।
पटना में मंगलवार को नौ दिनों के बाद दोपहर में धूप निकली। लेकिन पछुआ हवा की रफ्तार तेज रहने से लोगों को ठिठुरन वाली ठंड से राहत नहीं मिली। हालांकि धूप निकलने के कारण पटना के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। लेकिन न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट आई। पटना का अधिकतम तापमान 16.9, न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री दर्ज किया गया। पटना में बुधवार व गुरुवार को कोहरा छाए रहने के आसार हैं। पटना में शीत दिवस जैसी स्थिति बनने की कोई चेतावनी जारी नहीं की है।